भारत की माननीया राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का भारतीय राजस्व सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों और केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के सहायक कार्यकारी अभियंताओं द्वारा भेंट के अवसर पर संबोधन

राष्ट्रपति भवन : 14.03.2023

डाउनलोड : भाषण (151.47 किलोबाइट)

मैं आप सभी का राष्ट्रपति भवन में स्वागत करती हूं और प्रतिष्ठित सरकारी सेवाओं में आपके चयन पर आप सभी को हार्दिक बधाई देती हूँ।

कठिन चयन प्रक्रिया को पूरा करके सरकारी सेवा में शामिल होने का आपका निर्णय, सार्वजनिक सेवा के प्रति आपके समर्पण और उत्साह को दर्शाता है। सरकारी सेवा में शामिल होने के लिए यह एक अच्छा समय है। भारत की स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष तक 'अमृत काल' में राष्ट्र के विकास और आपका करियर साथ चलेंगे। मुझे विश्वास है कि आप इस अवसर को यादगार और महत्वपूर्ण बनाएँगे।

भारतीय राजस्व सेवा के प्रिय प्रशिक्षु अधिकारियों,

मुझे प्रसन्नता है की आपके बैच में विविध सांस्कृतिक, शैक्षिक और भाषाई पृष्ठभूमि के अधिकारी हैं। मुझे बताया गया है कि आप भारत के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं। मैं, हमारे पड़ोसी और घनिष्ठ मित्र विशेष रूप से भूटान के प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत करती हूँ। मुझे यह देखकर खुशी है कि प्रशिक्षु अधिकारियों में 42 प्रतिशत महिलाएं हैं। यह वास्तव में प्रशंसनीय है। भारत में, ज्यादातर महिलाओं द्वारा घर चलाने की परंपरा है और वही घर के खर्चे का प्रबंधन करती हैं। इसलिए, यह देखकर अच्छा लगता कि अधिक महिला अधिकारी देश के लिए राजस्व एकत्रित करें।

सरकार के लिए प्रत्यक्ष करों के संग्रह की जिम्मेदारी एक बहुत ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है जिसके लिए अत्यधिक प्रभावशीलता और पारदर्शिता की आवश्यकता होती है। सरकार इन करों का उपयोग विकास परियोजनाओं के लिए धनराशि देने और नागरिकों के कल्याण कार्यों के लिए करती है। सरकार के लिए संसाधनों को इकट्ठा करने और इस तरह ऐसा आधार तैयार करने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है, जिस पर शासन के अन्य कार्य आधारित होते हैं।

आपको स्मरण रखना चाहिए कि करदाता केवल राजस्व अर्जन के स्रोत नहीं हैं, बल्कि वे राष्ट्र निर्माण में भागीदार भी हैं। इसलिए आप सभी द्वारा एक ऐसा वातावरण तैयार किया जाना जरूरी है जो कर संग्रह के लिए तो अनुकूल हो साथ ही करदाताओं के लिए भी अनुकूल हो। इस कार्य के लिए, करदाता सेवाओं के विस्तार में नवीनतम तकनीक का उपयोग करना और निवारण-प्रणाली लागू करना अनिवार्य है। आपको लगातार नवीनतम तकनीकों से जुड़े रहना होगा और tax base का विस्तार और इसे मजबूत करने के लिए नए उपाय करने होंगे।

प्रिय सहायक कार्यकारी अभियंताओं,

सार्वजनिक भवनों, सरकारी कार्यालयों, आवास तथा अन्य परियोजनाओं के निर्माण और रखरखाव की ज़िम्मेदारी केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग की है, जो प्रशासन और शासन चलाने वाले लोगों द्वारा प्रभावशाली कार्यनिष्पादन के लिए जरूरी हैं। आपका कार्य बहुत महत्वपूर्ण है, आपको बेहतर निर्मित वातावरण प्रदान करने का कार्य करना होता है जो सुशासन में मदद करता है।

मैंने यहां आए हुए दो बैच के अधिकारियों की प्रोफाइल को देखा और पाया कि 95 अधिकारियों में केवल पांच महिला अधिकारी हैं। देश की महिलाएं अब हर क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित कर रही हैं, मुझे प्रसन्नता होगी अगर विभिन्न इंजीनियरिंग सेवाओं में महिला अधिकारियों का प्रतिनिधित्व बढ़े।

भारत में तेजी से हो रहे विकास के कारण सड़कों, राजमार्गों, हवाई अड्डों और सार्वजनिक स्थलों जैसे अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी कार्यालयों जैसी सार्वजनिक बुनियादी परियोजनाओं की मांग बढ़ी है। हमारी आबादी के कुछ हिस्से को अभी भी सार्वजनिक स्थानों तक पहुँचने में बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नई परियोजना का डिजाइन और निर्माण करते समय आपको यह ध्यान में रखना होगा। आपको हमारी सार्वजनिक सुविधाओं को दिव्यांग्जनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाना होगा और यह कार्य महत्वपूर्ण है तथा मेरा आग्रह की आप इस कार्य में संवेदना बरतें।

आपको ऐसी सुविधाएं तैयार करनी चाहिए जो न केवल वर्तमान की जरूरतों को पूरा करें बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी भविष्य भी सुनिश्चित करें। ऊर्जा की खपत को कम करने के लिए आपको नवीनतम तकनीक और विधियों का उपयोग करना होगा। मैं आप सभी से परियोजनाओं को ऊर्जा बचाने वाली, टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के नए तरीके खोजने की भी अपील करती हूं।

प्रिय अधिकारियों,

आप एक नए करियर की शुरुआत कर रहे हैं। सरकार में एक ऐसा करियर जिसमें कार्य और जिम्मेदारी का एक बड़ा दायरा हो, और वह भी अपेक्षाकृत कम उम्र में, किसी के भी मुक़ाबले एक ऐसा अनुभव और अवसर है जो हर किसी को उपलब्ध नहीं है। मुझे आशा है कि आप सभी न केवल अपने द्वारा निर्धारित किए गए लक्ष्यों और अपनी-अपनी सेवाओं बल्कि राष्ट्र निर्माण के बड़े लक्ष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मैं आप सभी के सफल और अच्छे करियर की कामना करती हूं। आपके उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं।

धन्यवाद, 
जय हिन्द! 
जय भारत!

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.