इटली के प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 02.03.2023

इतालवी रिपब्लिक की प्रधानमंत्री, महामहिम सुश्री जियोर्जिया मेलोनी ने आज 2 मार्च, 2023 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

भारत की पहली यात्रा पर, इटली के प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह देखकर प्रसन्नता हो रही है की इटली का नेतृत्व एक युवा और आत्मविश्वासी महिला कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया है कि सुश्री मेलोनी न केवल इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री हैं, बल्कि उनके देश की अब तक की सबसे कम उम्र की प्रधानमंत्री भी हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और इटली के बीच प्रगाढ़ मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। आधुनिक और परिपक्व लोकतंत्र के रूप में भारत और इटली कानूनी शासन व्यवस्था, मानवाधिकारों के सम्मान और समावेशी विकास के आधार पर आर्थिक विकास की ओर बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा से भारत-इटली द्विपक्षीय संबंधों को ओर अधिक ऊर्जा मिलेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि इटली भारत के प्रमुख आर्थिक साझेदारों में से एक है। उन्होंने कहा कि भारत और इटली के बीच क्लीन एनर्जी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में साझेदारी अच्छी प्रगति कर रही है। उन्होंने भारत में उपलब्ध अवसरों का सर्वोत्तम उपयोग करने के लिए इतालवी कंपनियों को आमंत्रित किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत द्वारा की जा रही जी-20 की अध्यक्षता और इटली द्वारा की जाने वाली जी-7 की अध्यक्षता के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवा, जलवायु परिवर्तन और डिजिटल प्रौद्योगिकी जैसे आपसी हित के क्षेत्रों में भारत और इटली के लिए मिलकर कार्य करने की प्रबल संभावना है।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.