भारत की राष्ट्रपति 2 से 5 नवंबर तक नागालैंड, मिजोरम और सिक्किम का दौरा करेंगी

राष्ट्रपति भवन : 01.11.2022

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 2 से 5 नवंबर, 2022 तक नागालैंड, मिजोरम और सिक्किम का दौरा करेंगी।

2 नवंबर, 2022 को, राष्ट्रपति कोहिमा में नागालैंड सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित किए जाने वाले नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लेंगी। उस अवसर पर वह राज्य में शिक्षा और बुनियादी ढांचे से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन / शिलान्यास भी करेंगी।

3 नवंबर, 2022 को, राष्ट्रपति कोहिमा युद्ध कब्रिस्तान में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी और किगवेमा गांव का दौरा करेंगी जहां वह ग्राम परिषद के सदस्यों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। उसी दिन, वह आइजोल में मिजोरम विश्वविद्यालय के 17वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी और मिजोरम राज्य में शिक्षा से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी। शाम को, वह राजभवन आइजोल में मिजोरम सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भी शामिल होंगी।

4 नवंबर, 2022 को राष्ट्रपति, आइजोल में मिजोरम विधान सभा के सदस्यों को संबोधित करेंगी। उसी दिन, वह उनके सम्मान में सिक्किम सरकार द्वारा आयोजित एक नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लेंगी और केंद्र और राज्य सरकारों की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन/शिलान्यास करेंगी।

5 नवंबर, 2022 को, राष्ट्रपति दिल्ली लौटने से पहले तथागत त्साल, रावोंगला में महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.