भारत की राष्ट्रपति ने सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान में ऐतिहासिक उड़ान-यात्रा की

राष्ट्रपति भवन : 08.04.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 8 अप्रैल, 2023 को असम के तेजपुर वायु सेना स्टेशन में सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान में एक ऐतिहासिक उड़ान-यात्रा की। भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर राष्ट्रपति ने वायु सेना स्टेशन लौटने से पहले हिमालय के दर्शन के साथ ब्रह्मपुत्र और तेजपुर घाटी को कवर करते हुए लगभग 30 मिनट तक उड़ान-यात्रा की।

विमान को 106 स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन नवीन कुमार ने उड़ाया था। विमान ने समुद्र तल से करीब दो किलोमीटर की ऊंचाई पर और करीब 800 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरी। राष्ट्रपति मुर्मु इस तरह की उड़ान भरने वाली तीसरी राष्ट्रपति और दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं।

बाद में आगंतुक पुस्तिका में राष्ट्रपति ने एक संक्षिप्त नोट लिखकर अपनी भावनाओं को व्यक्त किया, जिसमें उन्होंने कहा कि "भारतीय वायु सेना के शक्तिशाली सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरना मेरे लिए
एक आनन्दमय अनुभव था। मुझे गर्व है कि भारत की रक्षा सेवाओं ने भूमि, वायु और समुद्र की सभी सीमाओं को कवर करने के लिए अत्यधिक विस्तार किया है। इस सॉर्टी के आयोजन के लिए मैं भारतीय वायु सेना और तेजपुर वायु सेना स्टेशन की पूरी टीम को बधाई देती हूं।"

राष्ट्रपति को विमान और भारतीय वायु सेना की परिचालन क्षमताओं के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने भारतीय वायुसेना की परिचालन तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया।

सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान में राष्ट्रपति की उड़ान-यात्रा भारतीय सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर के रूप में सशस्त्र बलों के साथ जुड़ने के उनके प्रयासों का एक हिस्सा है। मार्च 2023 में, राष्ट्रपति ने आईएनएस विक्रांत का दौरा किया था और स्वदेश निर्मित विमान के अधिकारियों और नाविकों के साथ बातचीत की।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.