भारत की राष्ट्रपति ने कोराडी, नागपुर में भारतीय विद्या भवन के सांस्कृतिक केंद्र का उद्घाटन किया

राष्ट्रपति भवन : 05.07.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 5 जुलाई, 2023 को कोराडी, नागपुर में भारतीय विद्या भवन के सांस्कृतिक केंद्र का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि समाज में भारतीय जीवन मूल्यों को फिर से स्थापित करने के उद्देश्य से कन्हैया लाल मुंशी जी ने वर्ष 1938 में भारतीय विद्या भवन की स्थापना की थी। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि अपनी स्थापना के बाद से भारतीय विद्या भवन ने उत्कृष्ट बौद्धिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक केंद्र के रूप में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि इससे संबद्ध 350 से अधिक संस्थान आधुनिक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। साथ ही वे भारतीय मूल्यों और परंपराओं के संरक्षण और प्रचार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

राष्ट्रपति ने 'रामायण दर्शनम हॉल' की प्रशंसा की जहां रामायण के विभिन्न प्रसंगों को चित्रों के माध्यम से बड़ी सुंदरता से चित्रित किया गया है और 'भारत माता सदनम' जहां स्वतंत्रता सेनानियों और परमवीर चक्र विजेताओं के योगदान को चित्रों के रूप में दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के जीवन मूल्य और उनके जीवन का गतिशील संघर्ष पूरी मानवता के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत आवश्यक है कि हम युवा पीढ़ी को भारतीय स्वाधीनता संग्राम के मूल्यों से जोड़ें।

राष्ट्रपति ने कहा कि युवा पीढ़ी ज्ञान अर्जित कर रही है और देश-विदेश में अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी स्थानीय भाषा और संस्कृति से जुड़ रही है और अन्य भाषाओं और संस्कृति का ज्ञान भी अर्जित कर रही है। लेकिन, उन्हें अपनी मातृभाषा और मातृभूमि को नहीं भूलना चाहिए। उन्हें अपने परिवार, समाज और समुदाय में मातृभाषा का प्रयोग करना चाहिए और बच्चों को भी मातृभाषा सिखानी चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि महाराष्ट्र और नागपुर शहर हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रमुख केंद्र रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सांस्कृतिक केंद्र नागपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से परिचित करने में प्रमुख भूमिका निभाएगा और नागपुर के सांस्कृतिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.