भारत की राष्ट्रपति हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 26वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं

राष्ट्रपति भवन : 19.04.2023

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज 19 अप्रैल, 2023 को शिमला में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के 26वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं और उसे संबोधित किया।

इस अवसर पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि 1970 में अपनी स्थापना के बाद से, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अत्यंत प्रभावशाली भूमिका निभाई है। इस विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों ने कला, चिकित्सा, न्यायपालिका, खेल-कूद, समाज सेवा, राजनीति और प्रशासन सहित अन्य क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ी है।

राष्ट्रपति ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जलवायु दुनिया भर के लोगों को आकर्षित करती है। हिमालय का यह क्षेत्र जीव-जंतुओं और विभिन्न प्रकार की समृद्ध वनस्पतियों से भरपूर है। लेकिन जलवायु परिवर्तन इस क्षेत्र की पारिस्थितिकी को भी प्रभावित कर रहा है। राज्य की समृद्ध प्राकृतिक विरासत का संरक्षण करते हुए सतत विकास के लक्ष्य की ओर सभी को मिलकर आगे बढ़ना है। इसलिए, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों का यह कर्तव्य है कि वे स्थानीय समुदाय की जरूरतों और क्षेत्र की पारिस्थितिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दें और पर्यावरण के अनुकूल समाधान प्रस्तुत करने में योगदान दें।

राष्ट्रपति ने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानववाद और ज्ञानार्जन तथा सुधार की भावना का विकास करना प्रत्येक नागरिक का मूल कर्तव्य है। उन्होंने स्नातक छात्रों से कहा कि जीवन के नए चरण में प्रवेश करते समय उन्हें अपने निजी लक्ष्यों को राष्ट्रीय लक्ष्यों से जोड़ना चाहिए और अपने चुने हुए क्षेत्रों में आगे बढ़ते हुए देश के विकास में अपना योगदान दें।

राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश के युवा अपनी प्रतिभा से पूरी दुनिया में अपनी छाप छोड़ रहे हैं। उनमें से अनेक स्टार्ट-अप स्थापित कर रहे हैं तथा सफलता के शानदार प्रतिमान स्थापित कर रहे हैं। नवप्रवर्तन इन स्टार्ट-अप का मुख्य तत्व है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने इनक्यूबेशन केंद्रों की स्थापना कर युवाओं में उद्यमशीलता की भावना को प्रोत्साहित करने की पहल की है।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.