भारत की राष्ट्रपति राजभवन शिमला में नागरिक अभिनंदन में शामिल हुईं

राष्ट्रपति भवन : 18.04.2023

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज शाम 18 अप्रैल, 2023 को राजभवन, शिमला में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुईं।

इस अवसर पर बोलते हुए, राष्ट्रपति ने भारत के राष्ट्रपति के रूप में राज्य की अपनी पहली यात्रा के दौरान हार्दिक स्वागत करने के लिए हिमाचल प्रदेश की सरकार और जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वह पहले भी हिमाचल प्रदेश का दौरा कर चुकी हैं। उन्होंने राज्य के स्नेही और सरल स्वभाव के लोगों से मिलने के अपने सुखद अनुभव को याद किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, सदैव अपनी प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक परंपराओं से लोगों को आकर्षित करता रहा है। बर्फ से ढकी चोटियों से लेकर घुमावदार घाटियों, फूलों से भरे उद्यानों, जीव-जन्तुओं और वनस्पतियों से भरे जंगलों से लेकर तीर्थ स्थलों तक, हिमाचल प्रदेश में ऐसे विभिन्न स्थान हैं जो पूरी दुनिया के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि वे हमारे देश के सुंदर और अद्भुत पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाए रखने में सहयोग दें और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा दें।

राष्ट्रपति ने कहा कि तकनीकी प्रगति के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में बहुत बदलाव आया है। इस प्रदेश ने अब तक की अपनी विकास यात्रा में कई बड़े आयाम स्थापित किए हैं। हिमाचल प्रदेश द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क अवसंरचना, औद्योगिक विकास एवं अन्य क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है, जो सभी राज्यवासियों के लिए गर्व की बात है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि इस प्रदेश ने कई क्षेत्रों में देश के अन्य राज्यों को राह दिखाई है। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय यहाँ की कर्मठ और ईमानदार जनता के दृढ़़ संकल्प, इच्छाशक्ति और उनके प्रयासों को जाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिमाचल प्रदेश के लोग अपनी संस्कृति और प्राकृतिक संपदा को सहेजते हुए विकास के पथ पर अग्रसर रहेंगे।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.