भारत की राष्ट्रपति लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुईं

राष्ट्रपति भवन : 12.02.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज शाम 12 फरवरी, 2023 को लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुईं।

इस अवसर पर बोलते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि लखनऊ में मिले भावपूर्ण स्वागत ने राष्ट्रपति के रूप में उनकी पहली यात्रा को अविस्मरणीय बना दिया है।

राष्ट्रपति ने कहा कि काशी, अयोध्या, मथुरा और सारनाथ से से निकलने वाली भारत की परंपराएं और भाव-धाराएं सभी देशवासियों को एक सूत्र में जोड़ती हैं। नैमिषारण्य, गोरखपुर, मगहर और उत्तर प्रदेश के अनेक अत्यंत पवित्र स्थलों में भारत की आध्यात्मिक शक्ति का उत्कर्ष देखा गया है। ऐसे पवित्र स्थानों की आध्यात्मिक ऊर्जा युगों-युगों तक हमारे देश को शक्ति प्रदान करती रहेगी। प्रयागराज में कुंभ का आयोजन प्राचीन काल से ही एक प्रमुख धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन रहा है। वर्ष 2017 में यूनेस्को ने प्रयागराज कुंभ मेला को ;विश्व की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत'के रूप में मान्यता प्रदान की है। गोमती के किनारे बसा लखनऊ एक तरफ हमारी प्राचीनतम परम्पराओं से जुड़ा हुआ है तो दूसरी ओर
मध्यकाल और आधुनिक युग में भी संस्कृति, साहित्य, राजनीति तथा कला-कौशल का प्रमुख केन्द्र रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि अर्थव्यवस्था के विकास के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक प्रगति का न्यायपूर्ण और समावेशी होना भी अनिवार्य है। समाज के सभी वंचित वर्गों और महिलाओं को समावेशी विकास की परिधि में लाना हमारी राष्ट्रीय प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश का महिलाओं के सशक्तिकरण द्वारा आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के इतिहास में उत्तर प्रदेश का अनोखा कीर्तिमान रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि विश्व की जनसंख्या में भारत का जो हिस्सा है, लगभग उतना ही हिस्सा भारत की आबादी में उत्तर प्रदेश का है। भारत सहित, केवल पांच देशों की आबादी, उत्तर प्रदेश से अधिक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए संकल्पित है। राज्य में देश के सबसे बड़े श्रमबल और सबसे बड़ी युवा आबादी को उनकी प्रतिभा का उपयोग करने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत का भविष्य उज्ज्वल है क्योंकि इतने बड़े प्रदेश के उद्यमी और निष्ठावान लोग नए भारत के निर्माण में कार्यरत हैं।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.