भारत के राष्ट्रपति ने त्रिपुरा सरकार द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग

राष्ट्रपति भवन : 12.10.2022

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज शाम (12 अक्तूबर, 2022) को टाउन हॉल, अगरतला में त्रिपुरा सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित एक नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया।

इस अवसर पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने त्रिपुरा वासियों को उनके उत्साह भरे स्वागत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा की बहुरंगी संस्कृति भारत का गौरव है । त्रिपुरा के जनजातीय समुदाय ने लोकतंत्र और परंपरा का सुंदर समन्वय बनाए रखा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्रकृति के साथ ताल मेल बिठाकर जीवनयापन करना, जनजातीय समाज की विशेषता है। त्रिपुरा का अधिकांश क्षेत्र वन-संपदाओं से समृद्ध है। इस अमूल्य वन-संपदा को सुरक्षित रखने में जनजातीय समाज की प्राकृतिक जीवन-शैली का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि वर्ष 2020-21 के दौरान ससटेनएबल डेव्लपमेंट गोल–12 में शामिल रेस्पोंसिबल कंजंप्शन एंड प्रॉडक्शन के लक्ष्य को हासिल करने में त्रिपुरा देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन दो राज्यों में सबसे कम प्लास्टिक कचरा निकलता है उनमें से त्रिपुरा एक है।

राष्ट्रपति ने कहा कि त्रिपुरा पावर सरप्लस स्टेट है और यह बांग्लादेश को प्रचुर मात्रा में बिजली का निर्यात करता है। फेनी नदी पर मैत्री-सेतु के निर्माण से बांग्लादेश और भारत के बीच कनेक्टिविटी बढ़ी है और साथ ही त्रिपुरा के उद्यमियों के लिए चटगांव और आशूगंज बन्दरगाहों का उपयोग करना सुविधाजनक हो गया है। यह कहा जा सकता है कि बांग्लादेश के साथ भारत की मैत्री को प्रगाढ़ बनाने में त्रिपुरा-राज्य ने आरंभ से ही प्रमुख भूमिका निभाई है।

राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुई कि त्रिपुरा एजुकेशनल हब के रूप में निरंतर प्रगति कर रहा है। उच्च शिक्षा और प्रोफेशनल एजुकेशन के अनेक संस्थान यहां स्थापित हैं जिनमें पूर्वोत्तर क्षेत्र के ही नहीं देश के अन्य भागों और विदेश से विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने आते हैं। उन्हें जानकर भी प्रसन्नता हुई है कि त्रिपुरा ने एलिमेंट्री एजुकेशन के स्तर पर 100 प्रतिशत एनरोलमेंट का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।

इससे पहले, राष्ट्रपति ने अगरतला में अल्बर्ट एक्का युद्ध स्मारक का दौरा किया और 1971 के बांग्लादेश आजादी युद्ध में सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की ।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.