भारत की राष्ट्रपति मध्य प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुई; केंद्रीय रक्षा और सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालयों की परियोजनाओं की आधारशिला रखी

राष्ट्रपति भवन : 15.11.2022

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आज शाम 15 नवंबर, 2022 को राजभवन भोपाल में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन में भाग लिया। इस अवसर पर, उन्होंने ग्वालियर में डीआरडीओ की 'मैक्सिमम माइक्रो-बायोलॉजिकल कंटेनमेंट लेबोरेटरी' और सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की रातापानी-इटारसी सड़क परियोजना की वर्चुअल आधारशिला रखी।

सभा को संबोधित करते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय संस्कृति और विकास यात्रा में मध्य प्रदेश के लोगों ने अमूल्य योगदान दिया है। मध्य प्रदेश में एक तरफ अनुपम प्राकृतिक सौन्दर्य है तो दूसरी तरफ यहां अत्यंत समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत विद्यमान है। महाकवि कालिदास तथा संगीत सम्राट तानसेन से लेकर लता मंगेशकर तक कई प्रतिभाओं ने इस धरती पर जन्म लिया। भारत के पूर्व राष्ट्रपति, डॉक्टर शंकर दयाल शर्मा, इसी धरती के सपूत थे। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में है। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के अद्भुत व्यक्तित्व और गौरवशाली राजनीतिक जीवन का आरम्भिक विकास मध्य प्रदेश में ही हुआ।

राष्ट्रपति ने कहा कि मध्य प्रदेश मेंअनेक दर्शनीय ऐतिहासिक स्थल हैं।महाकालेश्वर तथा ओंकारेश्वर के ज्योतिर्लिंग, उज्जैन का सिंहस्थ कुम्भ, अमरकंटक में नर्मदा का उद्गम स्थल तथा प्रथम जैन तीर्थंकर ऋषभदेव का प्रसिद्ध मंदिर, प्रभु श्री राम की वनवास स्थली चित्रकूट, मध्य प्रदेश के आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि क्षेत्रफल के हिसाब से मध्य प्रदेश में देश का सबसे बड़ा वन क्षेत्र है। राज्य में कई राष्ट्रीय उद्यान, वन्यजीव अभ्यारण्य और बाघ अभयारण्य हैं। उन्होंने कहा कि कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाये गए चीतों के पुनर्वास को लेकर वन्यजीव में रुचि रखने वाले सभी लोग अत्यंत उत्साहित हैं। उन्होंने देश से विलुप्त हुए चीतों के पुनर्वास के लिए इस महत्वपूर्ण अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति ने कहा कि इंदौर शहर को लगातार छठी बार सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला और मध्य प्रदेश ने 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2022' में सबसे स्वच्छ राज्य का पुरस्कार जीता। इसके अलावा, एक लाख से अधिक आबादी वाले 100 सबसे स्वच्छ शहरों की रैंकिंग में 30 शहर मध्य प्रदेश के हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता जागरूकता और सक्रिय जनभागीदारी का प्रभावी उदाहरण है। उन्होंने राज्य में स्वच्छता की संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए मध्य प्रदेश के लोगों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए उनका प्रयास सभी के लिए अनुकरणीय है।

राष्ट्रपति ने कहा कि मध्य प्रदेश नेसमावेशी विकास के नए आयाम स्थापित किये गए हैं। राज्य ने विकास के कई मानकों पर प्रभावशाली उपलब्धियां हासिल की हैं। मध्य प्रदेश के सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में पिछले एक दशक में लगभग साढ़े तीन गुना वृद्धि हुई है। मध्य प्रदेश खाद्यान्न उत्पादन में अग्रणी राज्यों में है। पिछले चार वर्षों में कृषि विकास दर में औसतन 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने प्रदेश के समग्र विकास के लिए मध्य प्रदेश सरकार की सराहना की और विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश के विकास की यात्रा और भी तेज गति से आगे बढ़ेगी और उस विकास का लाभ प्रदेश के सभी वर्गों तक पहुंचेगा।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.