सुश्री मिलिंडा फ्रेंच गेट्स ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 06.12.2022

सुश्री मिलिंडा फ्रेंच गेट्स, बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन की सह-अध्यक्ष और ट्रस्टी ने आज 6 दिसंबर, 2022 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति ने सुश्री मिलिंडा फ्रेंच गेट्स का राष्ट्रपति भवन में स्वागत किया और पिछले दो दशकों में बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन द्वारा किए गए कार्यों के बारे में जानकार प्रसन्नता व्यक्त की।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार कई प्रमुख कार्यों के माध्यम से स्वास्थ्य और विकास में महत्वपूर्ण निवेश कर रही है। सरकार एक समावेशी दृष्टिकोण सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास कर रही है, ताकि इसका लाभ समाज के सबसे कमजोर और वंचित वर्गों तक पहुंचे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि फाउंडेशन उन लोगों तक पहुंचने का भी प्रयास करेगा जिन्हें मदद की सबसे ज्यादा जरूरत है- चाहे वे महिलाएं और लड़कियां हों, आदिवासी समुदाय हों या देश के दूरदराज के हिस्सों में रहने वाले लोगहों। राष्ट्रपति ने देश के समग्र विकास में महिलाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला और फाउंडेशन से लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में अपने प्रयासों को जारी रखने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने सार्वजनिक स्वास्थ्य, संक्रामक रोग नियंत्रण और मलेरिया तथा टीबी की रोकथाम में बिल एंड मिलिंडा गेट्स फाउंडेशन के अग्रणी कार्य की सराहना की। उन्होंने फाउंडेशन को सिकल सेल एनीमिया जैसी अन्य गंभीर बीमारियों पर भी ध्यान देने के लिए कहा, जो विशेष रूप से जनजातीय समुदायों को प्रभावित करती हैं। राष्ट्रपति ने कृषि विकास के क्षेत्र में भी फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्य की सराहना की और फाउंडेशन से आदिवासी क्षेत्रों में लघु वन उत्पाद के लिए सहकारी विपणन पहल शुरू करने पर विचार करने का आग्रह किया।

भारत द्वारा जी-20 की अध्यक्षता संभालने के बारे में बोलते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि भारत का अनुभव और सर्वोत्तम अभ्यास अन्य विकासशील देशों के लिए बहुत उपयोगी सबक हो सकते हैं। विशेष रूप से, भारत की समृद्ध और विविधता भरी जनजातीय विरासत को दुनिया के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है - प्रकृति के साथ सद्भाव में रहना, पारंपरिक चिकित्सा प्रणाली और एक वास्तविक 'सस्टेनबिलिटी' अप्रोच इस अनूठी जीवन शैली की पहचान हैं।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.