भारत की राष्ट्रपति ने तंज़ानिया की राष्ट्रपति की मेजबानी की

राष्ट्रपति भवन : 09.10.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 9 अक्तूबर, 2023 को राष्ट्रपति भवन में संयुक्त तंज़ानिया गणराज्य की राष्ट्रपति महामहिम डॉ. सामिया सुलुहू हसन का स्वागत किया। राष्ट्रपति ने उनके सम्मान में एक भोज का भी आयोजन किया।

राष्ट्रपति भवन में तंज़ानिया की राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए, राष्ट्रपति ने तंज़ानिया के साथ भारत की कई सदियों पुरानी मित्रता को याद किया, जो हमारे लोगों के बीच सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंधों के समृद्ध इतिहास और उपनिवेशवाद के खिलाफ हमारे साझे संघर्ष पर आधारित है। राष्ट्रपति ने कहा कि तंज़ानिया में 200 वर्षों से अधिक समय से भारतीय प्रवासियों का निवास तंज़ानिया के गर्मजोशी से आतिथ्य करने और समावेशी संस्कृति का प्रमाण है।

राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुई कि राष्ट्रपति हसन के नेतृत्व में, हाल के वर्षों में हमारे द्विपक्षीय संबंधों में काफी वृद्धि हुई है। द्विपक्षीय व्यापार, तंज़ानिया की अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों में निवेश, विकास साझेदारी, रक्षा और समुद्री सहयोग सहित सभी क्षेत्रों में व्यापक प्रगति हुई है।

राष्ट्रपति ने कहा कि तंज़ानिया अफ्रीका में भारत का सबसे बड़ा विकास भागीदार है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में, नए खोले गए आईआईटी मद्रास का ज़ांज़ीबार परिसर, अफ्रीका में एक तकनीकी शिक्षा केंद्र बन जाएगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि समान लक्ष्यों और चुनौतियों वाले ग्लोबल साउथ के देशों के रूप में, आज हम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे का समर्थन कर रहे हैं, और बहुपक्षीय संगठनों में सुधार करने सहित विकासशील दुनिया की प्राथमिकताओं की वकालत कर रहे हैं। इस संदर्भ में, उन्होंने भारत की अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को जी20 का स्थाई सदस्य बनाने की सफलता पर संतोष व्यक्त किया।

दोनों राष्ट्राध्यक्ष इस बात पर सहमत हुए कि इस यात्रा के दौरान भारत-तंज़ानिया संबंधों को 'रणनीतिक साझेदारी' तक बढ़ाने से दोनों देशों के लोगों को लाभ होगा।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.