भारत की राष्ट्रपति ने दादी प्रकाशमणि की स्मृति में डाक टिकट का विमोचन किया

राष्ट्रपति भवन : 25.08.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 25 अगस्त, 2023 राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में ब्रह्माकुमारीज़ की पूर्व प्रमुख दादी प्रकाशमणि की स्मृति में एक डाक टिकट जारी किया। दादी प्रकाशमणि की 16वीं पुण्य तिथि के अवसर पर संचार मंत्रालय के डाक विभाग की 'माई स्टैम्प' पहल के अंतर्गत इस डाक टिकट का विमोचन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि दादी प्रकाशमणि ने अध्यात्म के माध्यम से भारत के मूल्यों और संस्कृति का देश-विदेश में प्रचार किया। उनके नेतृत्व में, ब्रह्माकुमारीज़ दुनिया में सबसे बड़े महिला नेतृत्व वाला आध्यात्मिक संगठन बना। एक सच्चे प्रमुख की भांति वह चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी विश्वास और साहस के साथ अपने ब्रह्माकुमारी परिवार के साथ खड़ी रहीं और सदा उनका मार्गदर्शन करती रहीं।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा सत्य है कि जीवन अस्थाई है और व्यक्ति को उसके कर्मों के कारण ही याद किया जाता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को जन-कल्याण की भावना के साथ अच्छे कर्म करते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि दादी जी शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आध्यात्मिक और प्रसन्नचित व्यक्तित्व की स्मृतियां और उनके मानव-कल्याण के संदेश सदा हमारे बीच जीवित रहेंगे और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे।

चंद्रयान-3 मिशन की हालिया सफलता के बारे में बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि हम सब भारत के वैज्ञानिकों की अभूतपूर्व सफलता के साक्षी बने हैं। उन्होंने कहा कि भारत चांद के दुर्गम दक्षिणी ध्रुव पर कदम रखने वाला पहला देश बन गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि चंद्रयान-3 मिशन के द्वारा चांद की जमीन से अनेक नई जानकारियाँ हासिल होंगी जिनका लाभ समस्त विश्व को मिलेगा।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.