भारत की राष्ट्रपति गोवा में; राजभवन, गोवा में नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुईं

राष्ट्रपति भवन : 22.08.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु आज शाम 22 अगस्त, 2023 को गोवा सरकार द्वारा राजभवन, गोवा में उनके सम्मान में आयोजित किए गए नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कुछ लाभार्थियों को वन अधिकार अधिनियम के तहत 'सनद' भी प्रदान की।

सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए गोवा के निवासियों का धन्यवाद किया। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि गोवा सतत विकास लक्ष्यों के मापदंडों पर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकास के अनेक क्षेत्रों में गोवा का स्थान देश के अग्रणी राज्यों में है।

राष्ट्रपति ने गोवा के लोगों की उदारता और अतिथि सत्कार के भाव के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि गोवा के लोगों की यह विशेषता पर्यटकों को आकर्षित करने में उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी पश्चिमी घाट के समुद्र तट और प्राकृतिक सुंदरता।

राष्ट्रपति ने कहा कि समृद्ध वन क्षेत्र गोवा की अमूल्य प्राकृतिक संपत्ति है और इसे बचाना भी है। पश्चिमी घाट के घने जंगल अनेक वन्य-जीवों का प्राकृतिक आवास हैं। इस प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण से गोवा के सतत विकास को बल मिलेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जन- जातीय तथा अन्य समुदायों की परंपराओं का संरक्षण करते हुए उनको आधुनिक विकास में भागीदार भी  बनाया जाना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि गोवा एक पर्यटन स्थल होने के अलावा, शिक्षा, व्यापार और वाणिज्य, उद्योग, प्रौद्योगिकी और नौसेना रक्षा का एक महत्वपूर्ण केंद्र भी है।

राष्ट्रपति ने कहा कि गोवा की महानगरीय संस्कृति में नारी-पुरुष समानता की परंपरा रही है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि गोवा के उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की संख्या 60 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने जोर दिया कि गोवा के कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने की आवश्यकता है।

राष्ट्रपति ने खेल-कूद, कला, सार्वजनिक सेवा, आध्यात्मिकता और साहित्य जैसे विभिन्न क्षेत्रों में गोवा के लोगों के योगदान को याद किया। उन्होंने विश्वास जताया कि गोवा आधुनिकता और परंपरा के संतुलन में आस्था के साथ आगे बढ़ेगा।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.