भारत की राष्ट्रपति सिक्किम में; सिक्किम सरकार द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया; शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क अवसंरचना और पर्यटन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन/शिलान्यास किया

राष्ट्रपति भवन : 04.11.2022

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, सिक्किम सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शामिल हुईं और आज 4 नवंबर, 2022 को गंगटोक में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क अवसंरचना और पर्यटन से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन/शिलान्यास किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि पूर्वी हिमालयी क्षेत्र में स्थित सिक्किम भारत के सबसे खूबसूरत राज्यों में से एक है। यह बर्फ से लदी चोटियों, घने वनों, दुर्लभ वनस्पतियों और जीव-जन्तु, सुंदर झीलों से भरा है और पवित्र नदियां - तीस्ता और रंगित यहाँ बहती हैं। ये सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता को और आकर्षक बनाते हैं। सिक्किम की एक समृद्ध सांस्कृतिक विरासत भी है जिसमें विभिन्न समुदायों की संस्कृतियों शामिल हैं।

राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुई कि 80 प्रतिशत से अधिक साक्षरता दर वाला सिक्किम शिक्षा के क्षेत्रमें अग्रणी राज्यों में से एक है। यह उच्च शिक्षा हेतु नामांकन में यह देश में पहले स्थान पर है। उन्हें यह जानकर भी खुशी हुई कि लड़कियों का नामांकन सिक्किम में लड़कों की तुलना में अधिक है। उन्होंने कहा कि यह सिक्किम के लोगों की शिक्षा के लिए प्राथमिकता को दर्शाता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि सिक्किम में देश के सभी राज्यों में सबसे कम प्लास्टिक का कचरानिकलता है। उन्होंने कहा कि यह सिक्किम के लोगों की स्वच्छता और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इन उपलब्धियों के लिए सिक्किम के लोगों की सराहना की और कहा कि स्वच्छता के इस मॉडल को दूसरे राज्यों के लोग भी अपना सकते हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि सिक्किम ने जैविक खेती का मॉडल बनकर अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस राज्य ने देश का पहला 'जैविक राज्य' होने का दर्जा हासिल किया है। सिक्किम ने प्लास्टिक, कीटनाशकों और रसायनों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाकर पर्यावरण के अनुकूल विकास के लिए नए मानक स्थापित किए हैं। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि सिक्किम एक पावर सरप्लस राज्य है और नवीकरणीय स्रोतों से बिजली उत्पन्न करने के क्षेत्र में देश में दूसरे स्थान पर है।

राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि आज शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और सड़कों से संबंधित जिन परियोजनाओं का उद्घाटन/शिलान्यास किया गया है उनसे सिक्किम के विकास को नई गति मिलेगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत होगी।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.