जिम्बाब्वे के संसदीय शिष्टमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

राष्ट्रपति भवन : 07.12.2022

जिम्बाब्वे की संसद के स्पीकर एडवोकेट जैकब फ्रांसिस न्ज्विदामिलिमो मुडेंडा के नेतृत्व में जिम्बाब्वे के एक संसदीय शिष्टमंडल ने आज 7 दिसंबर, 2022 को राष्ट्रपति भवन में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की।

राष्ट्रपति भवन में शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और जिम्बाब्वे के बीच सदियों पुराने संबंध हैं। जिम्बाब्वे में भारतीय मूल के लगभग 9000 लोग रहते हैं जो हमारे लोगों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुई कि जिम्बाब्वे के साथ भारत के आर्थिक संबंध प्रगति पर हैं। भारत और जिम्बाब्वे के बीच लगभग 200 मिलियन डॉलर का व्यापार है। भारतीय कंपनियों ने जिम्बाब्वे में लगभग 500 मिलियन डॉलर का निवेश किया है। भारत ने जिम्बाब्वे को पांच लाइन ऑफ क्रेडिट प्रदान किए हैं, और एक व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र भी स्थापित किया है। उन्हें यह जानकर भी खुशी हुई कि भारत की आईटीईसी और आईसीसीआर की छात्रवृत्तियां जिम्बाब्वे में लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के लिए और प्रयास करने चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि संसद जनता की आवाज का प्रतिनिधित्व करती है। दोनों देशों की संसदों के बीच लगातार संपर्क और बातचीत होनी चाहिए। हमें एक-दूसरे से बहुत कुछ सीखना है।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। हमारा मजबूत और जीवंत लोकतंत्र जमीनी स्तर से जुड़ा है। यह वास्तव में इस देश के लोगों का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस यात्रा के दौरान शिष्टमंडल भारत की लोकतांत्रिक प्रणालियों के बारे में और अधिक जान पाएगा।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.