भारत की राष्ट्रपति ने राजस्थान में; राजभवन जयपुर में संविधान उद्यान का उद्घाटन किया; राजस्थान में सौर ऊर्जा जोन के लिए ट्रांसमिशन प्रणाली का वर्चुअल उद्घाटन किया और 1000 मेगावाट बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना की आधारशिला रखी

राष्ट्रपति भवन : 03.01.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आज 3 जनवरी, 2023 को राजभवन, जयपुर में संविधान उद्यान, मयूर स्तंभ, राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ, महात्मा गांधी और महाराणा प्रताप की प्रतिमाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर, उन्होंने राजस्थान में सौर ऊर्जा जोन के लिए ट्रांसमिशन प्रणाली का वर्चुअल उद्घाटन किया और एसजेवीएन लिमिटेड की 1000 मेगावाट बीकानेर सौर ऊर्जा परियोजना की आधारशिला रखी। इस अवसर पर बोलते हुए, राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा और जीवंत लोकतंत्र है। हमारे इस महान लोकतंत्र का आधार है - हमारा संविधान। उन्होंने कहा कि इस समारोह में भाग लेकर उन्हें संविधान निर्माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कृतज्ञ राष्ट्र के निवासियों की ओर से भारत के संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति ने संविधान निर्माण के तीन वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा को उद्यान में कलात्मक तरीके से दर्शाने के लिए कलाकारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संविधान उद्यान में हमारे आधुनिक इतिहास का एक प्रमुख अध्याय सुरुचिपूर्ण चित्रों, प्रतिमाओं और अन्य कला रूपों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता और लोकतंत्र के प्रत्येक स्तर तथा प्रशासन के प्रत्येक पहलू के प्रति सजगता के कारण एक विस्तृत संविधान का निर्माण किया। हमारे दूरदर्शी संविधान निर्माताओं के पास भविष्य की पीढ़ियों के अधिकारों के बारे में उनकी जरूरतों के अनुसार व्यवस्था बनाने के बारे में विचारों की स्पष्टता थी। इसीलिए संविधान संशोधन के प्रावधानों को भी संविधान में ही शामिल किया गया। अब तक कुल 105 संशोधन किए जा चुके हैं। इस प्रकार हमारा संविधान एक जीवंत दस्तावेज है जो समय के साथ बदलती हुई जन-मानस की आशाओं और आकांक्षाओं को समाहित करने में पूरी तरह सक्षम है

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.