भारत की राष्ट्रपति ने ग्रेटर नोएडा में प्रथम उत्तर प्रदेश अंतर-राष्ट्रीय ट्रेड शो का शुभारंभ किया

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो राज्य के निर्माताओं एवं उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर-राष्ट्रीय बाजार तथा अपनी पहुँच और पकड़ बनाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा: राष्ट्रपति मुर्मु

राष्ट्रपति भवन : 21.09.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 21 सितंबर, 2023 को ग्रेटर नोएडा में प्रथम उत्तर प्रदेश अंतर-राष्ट्रीय ट्रेड शो का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए अत्यंत सराहनीय  कदम है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि 2000 से अधिक निर्माता अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं और 66 देशों के 400 से अधिक खरीदार इस ट्रेड शो में भाग ले रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश के निर्माताओं एवं उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर-राष्ट्रीय बाजार तथा अपनी पहुँच और पकड़ बनाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि इस ट्रेड शो में 'एक जिला एक उत्पाद' के विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन सराहनीय है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि हस्तशिल्प आधारित उत्पादों के साथ-साथ राज्य के युवा उद्यमियों, विशेषकर महिला उद्यमियों द्वारा भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने उद्यमशीलता और श्रम शक्ति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के वर्षों में, उत्तर प्रदेश सरकार ने आर्थिक विकास और निवेश में वृद्धि हेतु कई कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने, व्यापार को सुगम बनाने और बुनियादी ढांचे को गति देने के परिणाम-स्वरूप उत्तर प्रदेश अब देश में सबसे तेजी से बढ़ती राज्य-स्तर की अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के स्तर पर ऐसे उत्कृष्ट आर्थिक प्रदर्शन के बल पर ही भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयों के साथ उत्तर प्रदेश पहले नंबर पर है। उन्होंने आगे कहा कि भूमि से घिरा राज्य होने के बावजूद, उत्तर प्रदेश से निर्यात निरंतर बढ़ रहा है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि राज्य का निर्यात वर्ष 2017-18 में लगभग 88,000 करोड़ रुपए से बढ़कर वर्ष 2022-23 में लगभग 1,75,000 करोड़ रुपए तक पहुँच गया है। उन्होंने बताया कि जी20 नई दिल्ली नेताओं की घोषणा में स्थानीय मूल्य निर्माण और एमएसएमई के सामने आने वाली चुनौतियों को पहचानने और एमएसएमई को  अंतर-राष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने के लक्ष्यों को शामिल किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो जी20 के लक्ष्यों के अनुरूप हमारी राष्ट्रीय और अंतर-राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएगा।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.