भारत की राष्ट्रपति ने स्वर्गीय श्री एन टी रामा राव पर स्मारक सिक्का जारी किया

राष्ट्रपति भवन : 28.08.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 28 अगस्त, 2023 को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में स्वर्गीय श्री एनटी रामा राव के शताब्दी वर्ष पर एक स्मारक सिक्का जारी किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि स्वर्गीय श्री एनटी रामा राव ने तेलुगु फिल्मों के जरिए भारतीय सिनेमा और संस्कृति को समृद्ध बनाया है। उन्होंने रामायण और महाभारत के प्रमुख पात्रों को अपने अभिनय से जीवंत रूप प्रदान किया था। उनके द्वारा अभिनीत प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के चरित्र इतने सजीव बन पड़े थे कि लोग एनटीआर को पूजने लगे थे।  उन्होंने कहा कि सामान्य लोगों के दुख-दर्द को भी अपने अभिनय से अभिव्यक्त किया था। अपनी एक फिल्म ‘मनुषुलु अन्ता वोक्कटे’ यानी ‘सभी मनुष्य एक समान हैं’ के द्वारा उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता का संदेश प्रसारित किया था।

राष्ट्रपति ने कहा कि एनटीआर की लोकप्रियता एक जन-सेवक और नेता के रूप में भी उतनी ही व्यापक बनी रही। उन्होंने अपने असाधारण व्यक्तित्व और कर्मठता के बल पर भारतीय राजनीति के एक अनोखे अध्याय की रचना की। उन्होंने जन-कल्याण के अनेक कार्यक्रम चलाए, जिन्हें आज भी याद किया जाता है।

राष्ट्रपति ने एनटीआर पर स्मारक सिक्का प्रस्तुत करने के लिए भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके विलक्षण व्यक्तित्व की स्मृतियां हमेशा लोगों, विशेषकर तेलुगु भाषा-भाषियों के हृदय में सदैव अंकित रहेगा।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.