कंबोडिया नरेश महामहिम नोरोडोम सिहामोनी के सम्मान में आयोजित भोज में भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का अभिभाषण

राष्ट्रपति भवन : 30.05.2023

डाउनलोड : भाषण (104.53 किलोबाइट)


भारत के लोगों, सरकार, और अपनी ओर से, मैं महामहिम नरेश नोरोडोम सिहामोनी और आपके प्रतिनिधिमंडल का भारत में हार्दिक और सौहार्द पूर्ण स्वागत करती हूं।

भारत की आपकी पहली यात्रा का विशेष महत्व है। आपके दिवंगत पिताजी, महाराज नोरोडोम सिहानोक लगभग छह दशक पहले, इसी राष्ट्रपति भवन परिसर में पधारे थे। उस समय के भारतीय नेतृत्व के साथ उनके विश्वास और दोस्ती के संबंधों ने आज के हमारे घनिष्ठ संबंधों की नींव रखी।

यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि आप वैशाख के शुभ महीने, और अपने जन्म दिन के कुछ ही दिनों बाद, यहां आए हैं। हम कामना करते हैं कि आने वाले वर्ष आपके लिए सुखद और सफल हों।

स्वतंत्रता की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर मैं कंबोडिया के लोगों की शांति और प्रगति की कामना करती हूं।

हमारे दोनों देश सांस्कृतिक, कलात्मक, भाषाई और आध्यात्मिक बंधनों से जुड़े हुए हैं।

खमेर साम्राज्य की शानदार वास्तु कलाकृतियाँ भारत और कंबोडिया के बीच ज्वलंत प्राचीन संबंधों का एक जीवंत प्रमाण हैं। बौद्ध धर्म हमारे दोनों देशों के बीच सबसे मजबूत कड़ी है। ये प्राचीन बंधन हमारे संबंधों के लिए मार्गदर्शक शक्ति बने हुए हैं।

आज, प्रगति और समृद्धि की ओर बढ़ने की हमारी साझा आकांक्षा हमारी विशेष मित्रता को आगे बढ़ाती है।

क्षमता निर्माण, मानव संसाधन विकास, और सामाजिक-आर्थिक परियोजनाओं के लिए कंबोडिया का भागीदार होना भारत के लिए गौरव की बात है।

हमारे सहयोग का एक पहलू जो हमें बहुत प्रिय है और जिस पर हमें बहुत गर्व है, वह है प्राचीन मंदिरों और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण।

महामहिम, आप खमेर संस्कृति और कला के प्रबल समर्थक और प्रवर्तक रहे हैं।आपने इस अनमोल विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित करने के लिए कड़ी मेहनत की है, जो प्रशंसनीय है।

भारत ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ में विश्वास करता रहा है, जिसका अर्थ है, पूरा विश्व एक परिवार है। हमारे दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंध, और आज यहां हमारे साथ आपकी गरिमामयी उपस्थिति, सदियों पुराने इस सिद्धांत की अभिव्यक्ति है।

इसके साथ, महामहिम, देवियों और सज्जनों, आइए हम सब मिलकर:

महामहिम के अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए, कंबोडिया के लोगों की निरंतर प्रगति और समृद्धि के लिए, और भारत और कंबोडिया के बीच दोस्ती को हमेशा बनाये रखने के लिए,

अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करें।

धन्यवाद!

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.