भारत की राष्ट्रपति ने दसाबतिया, तमांडो में प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के 'डिवाइन लाइट हाउस'की आधारशिला रखी

राष्ट्रपति मुर्मु ने वर्ष की थीम "सकारात्मक परिवर्तन का वर्ष" का शुभारंभ किया

राष्ट्रपति भवन : 27.07.2023

भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज 27 जुलाई, 2023 को दसाबतिया, तमांडो में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के 'डिवाइन लाइट हाउस' की आधारशिला रखी और सेमिनार और  सम्मेलन आयोजित करने के लिए वर्ष की उनकी थीम 'सकारात्मक परिवर्तन का वर्ष' का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय सिर्फ एक संगठन नहीं है, बल्कि महिलाओं द्वारा चलाया जाने वाला एक सामाजिक और आध्यात्मिक अभियान भी है।

राष्ट्रपति ने कहा कि मानव के लिए भौतिक और आध्यात्मिक विकास दोनों आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी से परिवर्तन होता है और विकास के लिए परिवर्तन अपरिहार्य और आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भौतिकवादी परिवर्तन हमें खुशी दे सकते हैं लेकिन आध्यात्मिक मार्ग पर चलकर मानसिक शांति प्राप्त की जा सकती है। उन्हें यह जानकर प्रसन्नता हुई कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय ध्यान और अनुशासित जीवन शैली के माध्यम से आध्यात्मिकता का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि समय-समय पर कुछ नकारात्मक विचार हमारे मन में आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिरीक्षण की कमी के कारण हम नकारात्मक विचारों का शिकार होने लगते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे अंदर ईर्ष्या और नफरत का भावना बढ़ने लगता है। उन्होंने कहा कि आज हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती नकारात्मक विचारों से छुटकारा पाना और सकारात्मकता की ओर बढ़ना है। उन्होंने मानवता को जागरूक करने और लोगों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने में मदद करने के लिए ब्रह्मा कुमारी संगठन के प्रयासों की प्रशंसा की।

समाचार प्राप्त करें

Subscription Type
Select the newsletter(s) to which you want to subscribe.
समाचार प्राप्त करें
The subscriber's email address.